March 10, 2026

तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु बैठक का किया आयोजन

Faridabad/Alive News: भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, हरियाणा राज्य शाखा चंडीगढ़ के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी की अध्यक्षता में आज शविवार को रेडक्रॉस भवन, सेक्टर-12 फरीदाबाद स्थित प्रशिक्षण केंद्र में हरियाणा राज्य की विभिन्न जिला शाखाओं से आए तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सर्वप्रथम बिजेंद्र सोरोत, सचिव, जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद ने संबोधित करते हुए कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों की समस्याओं का निवारण करना है। उन्होंने सभी कर्मचारियों का उपस्थित होने पर आभार व्यक्त किया।

अध्यक्षता कर रहे अंकुश मिगलानी ने कर्मचारियों की सभी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना और आश्वस्त किया कि उचित मुद्दों का समाधान शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों को आह्वान किया कि वे रेडक्रॉस की जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रियता से भाग लें और ऐसा कोई कार्य न करें जिससे संस्था की छवि को ठेस पहुंचे।

डॉ. एम.पी. सिंह, आजीवन सदस्य, जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने कर्मचारियों को सदाचार, ईमानदारी और मेहनत से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। वहीं सोसाइटी के संरक्षक विमल खंडेलवाल ने सभी कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि रेडक्रॉस आपदाओं एवं संकट के समय मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण स्तंभ है।

संरक्षक जगदीश सहदेव ने रेडक्रॉस से जुड़ने का अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि संस्था के साथ काम करने से उन्हें अनेक कौशल सीखने और समाज सेवा का अवसर प्राप्त हुआ।

उपसंरक्षक आर.पी. हंस ने कहा कि स्वयंसेवा न केवल समाज के लिए उपयोगी है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और जीवन दृष्टि को भी सकारात्मक बनाती है।

आजीवन सदस्य एवं सेवानिवृत्त अधीक्षक प्रताप सिंह ने कहा कि सफलता के लिए मेहनत, धैर्य और निरंतर प्रयास बेहद जरूरी हैं। कठिनाइयों के बावजूद प्रयास जारी रखने से अवश्य सफलता मिलती है।

बैठक का कुशल संचालन पुरुषोत्तम सैनी, उपाधीक्षक, रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद द्वारा किया गया। उन्होंने कर्मचारियों को रेडक्रॉस की मानवहित गतिविधियों में अधिक से अधिक जुड़ने का आग्रह किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में रेडक्रॉस फरीदाबाद के सभी कर्मचारियों ने विशेष सहयोग दिया।