March 7, 2026

फरीदाबाद में गौसेवा आयोग अध्यक्ष की बैठक, बेसहारा गोवंश लाने पर मिलेगी प्रोत्साहन राशि

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद जिले में हरियाणा गौसेवा आयोग के अध्यक्ष श्रवण कुमार गर्ग ने बेसहारा गोवंश के पुनर्वास को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले की गौशालाओं की मौजूदा स्थिति, उनकी क्षमता और उपलब्ध सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस बैठक में पशुपालन एवं डेयरिंग विभाग के उप निदेशक, पशु चिकित्सक, उपमंडल अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, हरियाणा गोसेवा आयोग के पूर्व सदस्य तथा जिले की सभी गौशालाओं और नंदी शालाओं के प्रबंधक शामिल हुए।

बेसहारा पशु लाने पर मिलेगी राशि
अध्यक्ष श्रवण कुमार गर्ग ने बताया कि बेसहारा पशुओं की देखभाल और संरक्षण के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जो भी व्यक्ति बेसहारा गोवंश को पकड़कर नगर निगम फरीदाबाद या पंजीकृत गौशालाओं तक पहुंचाएगा, उसे प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि बछड़ा या बछिया लाने पर 300 रुपये, गाय लाने पर 600 रुपये और बैल लाने पर 800 रुपये की राशि दी जाएगी। इसका उद्देश्य सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना है। फरीदाबाद जिले में कुल 11 गौशालाएं संचालित हैं। इनमें से 7 गौशालाएं हरियाणा गोसेवा आयोग में पंजीकृत, 3 गौशालाएं नगर निगम फरीदाबाद (MCF) के अधीन और 1 गौशाला स्वतंत्र रूप से कार्य कर रही है। अभियान के तहत इन सभी गौशालाओं को शामिल किया गया है।

सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश
बैठक के दौरान गौशालाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जहां कमियां पाई गईं, वहां सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही गौशाला प्रबंधकों को यह भी बताया गया कि गौसेवा आयोग की ओर से आर्थिक, प्रशासनिक और तकनीकी सहायता कैसे प्रदान की जा रही है, ताकि गोवंश की देखभाल और संरक्षण बेहतर ढंग से किया जा सके।