March 12, 2026

अजय चौटाला के जन्मदिन पर हांसी में बड़ा शक्ति प्रदर्शन

Chandigarh/Alive News: जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला के जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को हांसी की नई अनाज मंडी में आयोजित होने वाले हरियाणा जनचेतना दिवस कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला समेत कई राज्यों के प्रमुख राजनीतिज्ञ और नामी संगीत कलाकार शामिल होंगे।

रैली में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए पंडाल और शैड का विस्तार किया गया है। अनाज मंडी में अतिरिक्त शामियाने लगाकर बैठने की व्यवस्था की गई है। पूरे हांसी शहर को जेजेपी के हरे-पीले रंग के झंडों और स्वागत द्वारों से सजाया गया है।

कार्यक्रम में आने वाले लोगों की व्यवस्था संभालने के लिए छात्र संगठन इनसो के करीब 500 वॉलंटियर तैनात किए गए हैं। वहीं, सभी आगंतुकों का स्वागत देशी घी के 65 हजार लड्डुओं से मुंह मीठा कराकर किया जाएगा।

रैली की मुख्य स्टेज को तीन हिस्सों में बांटा गया है, जहां प्रमुख नेताओं के साथ-साथ डॉ. अजय सिंह चौटाला के बचपन और संघर्ष के साथियों को भी सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में सामाजिक संस्थाओं, खाप प्रतिनिधियों और खिलाड़ियों को भी सम्मान देने की योजना है।

इस मौके पर देशभर की कई हस्तियों ने भी डॉ. अजय सिंह चौटाला को जन्मदिन की बधाई दी। पूर्व क्रिकेटर और भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर, दिग्गज बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग, बिहार के नेता तेजप्रताप यादव, सांसद चंद्रशेखर आजाद, अभिनेता रणदीप हुड्डा और राजपाल यादव समेत कई कलाकारों और गायकों ने शुभकामनाएं दीं।