September 17, 2026

टेलीग्राम टास्क के नाम पर 4.12 लाख की ठगी, खाताधारक दिल्ली से गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए टेलीग्राम टास्क के नाम पर 4 लाख 12 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में एक खाताधारक को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई साइबर थाना एनआईटी की टीम ने की है।

पुलिस के अनुसार, एसजीएम नगर फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 12 मार्च 2025 को उसके पास व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया था। मैसेज में होटल को ऑनलाइन रेटिंग देने के बदले पैसे कमाने का लालच दिया गया था। इसके बाद उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया।

टेलीग्राम ग्रुप में पीड़ित को पेड टास्क के लिए लिंक भेजकर खाता खुलवाया गया और हर टास्क पर ज्यादा मुनाफे का झांसा दिया गया। ठगों ने अलग-अलग खातों में उससे कुल 4,12,000 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। बाद में उससे और टास्क करने के लिए दबाव बनाया गया, लेकिन न तो कोई फायदा दिया गया और न ही पैसे वापस किए गए।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने हरीश यादव, निवासी किराड़ी सुलेमान नगर, निठारी, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इस मामले में खाताधारक था, जिसने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को इस्तेमाल करने के लिए दिया था। आरोपी के खाते में ठगी की रकम में से 25 हजार रुपये आए थे। आरोपी दिल्ली में डिलीवरी बॉय का काम करता है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।