August 24, 2026

यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ भीषण सड़क हादसा, तीन पुलिसकर्मी समेत चार की हुई मौत

Lucknow/Alive News : यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में मध्य प्रदेश के तीन पुलिसकर्मियों सहित चार लोगों की मौत हो गई है। यह घटना यमुना एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 80 पर पुलिया से टकराकर बेकाबू हुई बोलेरो दो हिस्सों में बंट गई।

जानकारी के मुताबिक इसमें सवार मुख्य आरक्षी भवानी प्रसाद, महिला आरक्षी हीरा देवी, चालक जगदीश, पुलिस मित्र रवि कुमार की मौत हो गई, जबकि आरक्षी कमलेंद्र यादव, मुख्य आरक्षी रतिराम, धर्मेंद्र कुमार और प्रीति घायल हो गए। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ के थाना भूडेरा की पुलिस टीम अगवा की गई युवती को बरामद करने के किए हरियाणा के बहादुरगढ़ दबिश में जा रही थी। उसी दौरान यह हादसा हुआ था।

वहीं सूचना पर पहुंची सुरीर पुलिस ने शव कब्जे में लिए और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे हुए सड़क हादसे से एक्सप्रेसवे की एक लाइन बंद हो गई। हादसा आगरा से नोएडा जाते हुए मार्ग पर हुआ।