March 7, 2026

दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, वकील की मौके पर हुई मौत

Faridabad/Alive News: दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार दोपहर दो कारों की आमने-सामने टक्कर में एक वकील की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे कार चालक को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित हो गया, जिसे सुचारू करने के लिए दोनों क्षतिग्रस्त कारों को क्रेन की मदद से हटाया जा रहा है।

मृतक की पहचान कुलदीप भाटी उर्फ दीपू के रूप में हुई है, जो करौली गांव के रहने वाले थे और डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के सचिव थे। वे बल्लभगढ़ तहसील में वकालत करते थे। जानकारी के अनुसार, बुधवार को वे तहसील से दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे के रास्ते सेक्टर-7 स्थित अपने घर लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि नोएडा की ओर से आ रही एक कार तेज रफ्तार में थी, इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कुलदीप भाटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-8 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भिजवाया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मृतक के वाहन के गलत दिशा में होने की आशंका सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।