May 19, 2024

झज्जर- बहादुरगढ़ रोड पर हुआ भीषण हादसा, डंपर ने तीन महिलाओं को कुचला, दो घायल

Chandigarh/Alive News : झज्जर- बहादुरगढ़ रोड पर बाईपास के फ्लाईओवर के नीचे पंजाब निवासी तीन किसान आंदोलनकारी महिलाओं की डंपर से कुचले जाने से मौत हो गई। जबकि हादसे में दो महिलाएं घायल हुई हैं। मिली जानकारी के अनुसार सभी महिलाएं मानसा की निवासी थीं। महिलाएं ऑटो का इंतजार करते डिवाइडर पर बैठी थीं कि तेज गति से आए डंपर ने उन्हें रौंद दिया।

जानकारी के मुताबिक हादसे में तीन की मौके पर ही मौत हो गई और दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। एक के पांव की हड्डी टूट गई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शव गृह पहुंचाया गया है। घटना के बाद चालक डंपर को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

मृतक आंदोलनकारी किसान महिलाओं में छिंदर कौर पत्नी भान सिंह उम्र 60 साल, अमरजीत कौर पत्नी हरजीत सिंह उम्र 58 वर्ष, गुरमेल कौर पत्नी भोला सिंह उम्र करीब 60 वर्ष शामिल हैं। पंजाब के जिला मानसा के गांव खीवा दयालुवाला की निवासी ये महिलाएं झज्जर रोड फ्लाईओवर के निकट बाईपास पर रह रही थीं।

जानकारी के अनुसार गुरमेल कौर पत्नी मेहर सिंह उम्र करीब 60 वर्ष और हरमीत कौर हादसे में घायल हो गई हैं। उन्हें बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल से पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी है।