Faridabad/Alive News: ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र के सेक्टर-20ए स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में एक मकान के बेसमेंट में आग लगने से करीब दस लाख रुपये नकद जल गए। पीड़ित ने यह रकम मकान खरीदने के लिए जमा की थी। आग में बेसमेंट में रखा सारा घरेलू सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी गोविंद ने बताया कि वह बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे घर से कंपनी के लिए निकले थे। लगभग तीन घंटे बाद परिजनों ने फोन कर बेसमेंट में आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वह तुरंत घर पहुंचे। पीड़ित के अनुसार आग तेजी से फैली और करीब आधे घंटे में पूरे बेसमेंट को अपनी चपेट में ले लिया।
गोविंद ने बताया कि आग की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई। फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक उन्होंने पड़ोसियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पीड़ित के अनुसार बेसमेंट में रखी अलमारी में दस लाख रुपये नकद रखे थे। वह ओल्ड फरीदाबाद क्षेत्र में मकान खरीदने की योजना बना रहे थे और हाल ही में एक मकान भी देखा था। इसमें कुछ रकम उनकी निजी बचत की थी, जबकि शेष रकम रिश्तेदारों से उधार ली गई थी। आग में पूरी जमा पूंजी जलकर राख हो गई।
फायर ब्रिगेड अधिकारी सुखबीर यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। बेसमेंट में कई जगह वायरिंग ढीली पाई गई। वहीं, पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

