Rohtak/Alive News: हरियाणा के रोहतक में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पाकस्मा गांव के पास हरियाणा रोडवेज की बस ने सामने से एक वरना कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार चला रहे फाइनेंसर की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि रोडवेज बस कार को कई मीटर तक घसीटते हुए ले गई। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया और छत भी उखड़कर दूर जा गिरी। सड़क पर कार के टायरों के गहरे निशान दिखाई दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय कार के एयरबैग खुलकर ड्राइवर की छाती से चिपक गए थे। कड़ी मशक्कत के बाद कार की खिड़कियां काटकर युवक को बाहर निकाला गया।
स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के कुछ ही देर बाद कार में आग भी लग गई। लोगों का कहना है कि कार की वायरिंग में चिंगारी उठने से आग लगी।
मृतक की पहचान जींद जिले के गांव लिजवाना निवासी हिमांशु (23) के रूप में हुई है। वह फाइनेंस का काम करता था और किसी काम से खरखौदा जा रहा था। हिमांशु परिवार का इकलौता बेटा था, उसकी एक बड़ी बहन है। उसके पिता जयबीर ट्रक चालक हैं और घटना के समय काम के सिलसिले में मुंबई गए हुए थे।
सूचना मिलने पर आईएमटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। आईएमटी थाना एसएचओ बिजेंद्र ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

