March 7, 2026

नारी शक्ति के सशक्तिकरण से ही बनेगा विकसित भारत: विपुल गोयल

Faridabad/Alive News: जिला भारतीय जनता पार्टी ने सेक्टर-16 स्थित सागर सिनेमा में महिला सम्मेलन एवं केंद्रीय बजट 2026-27 पर संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने महिलाओं से संवाद किया और उन्हें विकसित भारत के संकल्प में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि आज महिला सशक्तिकरण केवल सामाजिक मुद्दा नहीं रहा, बल्कि देश की आर्थिक प्रगति का मजबूत आधार बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 में महिलाओं को विकास के केंद्र में रखा गया है। यह बजट महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभ लेने वाली नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की भागीदार बनाता है। उन्होंने बताया कि बजट में शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता और वित्तीय समावेशन पर विशेष ध्यान दिया गया है। सरकार का साफ संदेश है कि महिला सशक्तिकरण कोई सहायता नहीं, बल्कि देश के लंबे समय के विकास की रणनीति है।

विपुल गोयल ने ‘शी मार्ट्स’ (SHE Marts) योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य महिलाओं को सिर्फ स्वयं सहायता समूहों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें उद्यमी और व्यवसाय की मालिक बनाना है। क्रेडिट आधारित योजनाओं से महिला नेतृत्व वाले कारोबार को बढ़ावा मिलेगा और महिलाएं रोजगार देने वाली बनेंगी।

उन्होंने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र में किए गए सुधार और स्टार्टअप को बढ़ावा देने वाली नीतियां महिला उद्यमिता को नई दिशा देंगी। आज महिलाएं तकनीक, फैशन, फूड प्रोसेसिंग और डिजिटल सेवाओं जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुद्रा योजना, जनधन योजना और स्वयं सहायता समूहों जैसी योजनाओं को महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम बताया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 महिला विकास से महिला नेतृत्व वाले विकास की ओर देश को आगे ले जा रहा है। अपने संबोधन के अंत में विपुल गोयल ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब नारी शक्ति पूरी ताकत के साथ आगे बढ़ेगी और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देगी।