March 7, 2026

फरीदाबाद के कंपनी सुपरवाइजर की ट्रेन से कटकर मौत, ड्यूटी पर जाते समय हुआ हादसा

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में एक दर्दनाक ट्रेन हादसे में निजी कंपनी में काम करने वाले सुपरवाइजर की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह घर से ड्यूटी के लिए निकला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।

जीआरपी (रेलवे पुलिस) जांच अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान अमन कुमार के रूप में हुई है। वह हरकेश नगर का रहने वाला था और एनआईटी स्थित शुभम टावर में एक सर्विस प्रोवाइडर कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। शनिवार सुबह करीब 9 बजे वह रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकला था।

शाम तक अमन घर नहीं पहुंचा तो परिजन परेशान हो गए। उसकी पत्नी सरिता ने कई बार मोबाइल पर कॉल की, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के बीच उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

देर रात परिजनों को सूचना मिली कि तुगलकाबाद जंक्शन के पास सचखंड एक्सप्रेस की चपेट में आने से अमन कुमार की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक के पास से एक पिट्ठू बैग, मोबाइल फोन, ऑफिस का आईडी कार्ड और विजिटिंग कार्ड मिला। विजिटिंग कार्ड पर लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों से संपर्क किया गया, जिसके बाद शव की पहचान हो सकी।

फिलहाल रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।