March 7, 2026

ग्रीनफील्ड को सेक्टर-45 से जोड़ने के लिए बुढ़िया नाले पर बनेगा पुल, कई इलाकों को मिलेगी राहत

Faridabad/Alive News: ग्रीनफील्ड इलाके को सेक्टर-45 से सीधी और आसान कनेक्टिविटी देने के लिए बुढ़िया नाले पर एक नया पुल बनाया जाएगा। इस पुल के निर्माण से न केवल ग्रीनफील्ड और सेक्टर-45, बल्कि आसपास की आधा दर्जन कॉलोनियों और कई सेक्टरों के निवासियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। फिलहाल ग्रीनफील्ड क्षेत्र के लोगों को दिल्ली-मथुरा नेशनल हाईवे तक पहुंचने के लिए एमएचपीसी रेलवे अंडरपास का सहारा लेना पड़ता है, जो बरसात के मौसम में अक्सर जलभराव के कारण बंद हो जाता है।

मॉनसून के दौरान होने वाली इस समस्या को देखते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने ग्रीनफील्ड और सेक्टर-45 के बीच नई कनेक्टिविटी का प्लान तैयार करने के निर्देश दिए थे। खास बात यह है कि प्रस्तावित पुल के रास्ते में केंद्रीय राज्य मंत्री की निजी जमीन भी आती है, जिसे वह विभाग को निशुल्क दान करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों को अवगत करा दिया है, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि परियोजना पर जल्द काम शुरू हो जाएगा।
कई कॉलोनियों और सेक्टरों को होगा सीधा फायदा

अरावली पहाड़ियों से निकलकर यमुना नदी में मिलने वाला बुढ़िया नाला कई सेक्टरों और कॉलोनियों को आपस में बांटता है। ग्रीनफील्ड, चार्मवुड विलेज और अन्य लाइसेंसी कॉलोनियों के लोगों को सेक्टर-45, 46, मेवला महाराजपुर और सेक्टर-21ए, बी, सी व डी जाने के लिए फिलहाल सूरजकुंड रोड या एनएचपीसी रेलवे अंडरपास से होकर गुजरना पड़ता है। बारिश के समय अंडरपास में भारी जलभराव हो जाने से आवाजाही पूरी तरह ठप हो जाती है, जिससे हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और अन्य रेलवे पुलों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है।

इन्हीं समस्याओं को दूर करने के लिए बुढ़िया नाले पर सेक्टर-45 के मेवला महाराजपुर इलाके में पुल बनाने की योजना बनाई गई है। यह क्षेत्र केंद्रीय राज्य मंत्री का पैतृक गांव है, जहां उनकी पर्याप्त जमीन है। उन्होंने जनहित में अपनी जमीन का एक हिस्सा पुल निर्माण के लिए देने की सहमति दी है। इस पुल का निर्माण हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा