Kaithal/Alive News: जिले के गांव रामथली में 10वीं कक्षा के एक छात्र की चाकू, डंडों और लाठियों से हमला कर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले वॉलीबॉल मैच को लेकर हुए झगड़े की रंजिश में आरोपियों ने सुलह का बहाना बनाकर छात्र को रजबाहे (नहर किनारे) पर बुलाया और वहां उस पर हमला कर दिया।
मृतक की पहचान 17 वर्षीय नवराज सिंह निवासी गांव खरकां के रूप में हुई है, जो ग्लोबल इंटरनेशनल स्कूल में 10वीं कक्षा का छात्र था। नवराज के पिता मंगल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा कुछ दिन पहले अपने दोस्त विनीत के साथ हुए विवाद के कारण आरोपियों के निशाने पर था।
सुलह के नाम पर बुलाया, पहले से घात लगाए बैठे थे आरोपी
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने विनीत और नवराज को बातचीत के लिए रामथली से लदाना चक्कू की तरफ जाने वाले रजबाहे पर बुलाया। जब दोनों वहां पहुंचे तो लवप्रीत उर्फ लब्बी, संजय, जोत हरमन, अर्श बडैच सहित करीब 15-17 युवक पहले से ही लाठी-डंडे और चाकू लेकर मौजूद थे।
वहां पहुंचते ही आरोपियों ने नवराज पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसके कमर में चाकू घोंपकर घुमा दिया, जिससे उसकी बायीं किडनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
गंभीर हालत में नवराज को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। नवराज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी एक बड़ी बहन है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
गुहला थाना पुलिस ने पिता की शिकायत पर पांच नामजद समेत 12 अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि अधिकांश आरोपी भी छात्र बताए जा रहे हैं।
जांच अधिकारी नायब सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

