October 2, 2024

धनतेरस पर लोगों ने जमकर की सोना-चांदी और बर्तन की खरीदारी, छूट का जमकर उठाया फायदा

Faridabad/Alive News: भारत में दो दिन धनतेरस का त्यौहार मनाया जा रहा है। 22 और 23 अक्‍टूबर को मनाए जा रहे इस त्‍यौहार पर लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। खरीदारी करने के लिए बाजारों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। खासकर ज्वेलरी शॉप और बर्तन बाजार में इस सीजन में रौनक लौट आई है और दुकानों में काफी भीड़ देखने को मिली। हर साल धनतेरस के अवसर पर करोड़ों रुपये का कारोबार होता है। इस बार भी बाजार की चमक को देखकर दुकानदारों ने अच्छा खासा व्यापार होने की उम्मीद जताई है।

बर्तन खरीदती महिला

धनतेरस पर इन चीजों को खरीदना मानते है शुभ
धनतेरस पर अमूमन लोग बर्तन, झाड़ू और लक्ष्मी, गणेश जी की मूर्ति को खरीदना शुभ मानते हैं। वहीं शहर के लगभग सभी बाजारों में बर्तनों की दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ रही। ज्यादातर लोगों ने धनतेरस पर चम्मच, गिलास, कटोरी, थाली सहित कई बर्तनों के सेट व अन्य बर्तनों की खरीदारी की।

बर्तन के दुकान पर लोगो की भीड़

बाजारों में उमड़ी भीड़
धनतेरस पर बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। बावजूद इसके लोग अपने घरों से निकलकर खरीदारी करने के लिए बाजार पहुंचे। हालांकि, ग्राहकों की इस भीड़ को देखकर दुकानदारों के चेहरे जरूर खिल उठे हैं।

लोगों को खूब पसंद आ रहे रंग-बिरंगे झालर
धनतेरस पर महिलाओं ने बर्तनों के अलावा रंग-बिरंगे झालरों की भी जमकर खरीदारी की। लोग धनतेरस पर ही दीपावली से जुड़ी खरीदारी करने में जुटे हुए हैं। सभी बाजार इन रंगीन झालरों से अटे पड़े हैं। दीपावली के दिन लोग इन झालरों का इस्तेमाल अपने घरों और दुकानों को सजाने के लिए करते हैं।

रंग बिरंगे झालर देखती महिला

फ़रीदाबाद व्यापारियों को इस साल दीपावली पर धनतेरस से लेकर भाई दूज तक बंपर कारोबार की उम्मीद है। बीते 2 सालों से कोरोना महामारी ने लोगों के जनजीवन को अस्त-व्यस्त किया था। ऐसे में बाजार में भी खासी रौनक देखने को नहीं मिली थी।

दुकानदारों के खिले चेहरे
बाजार में दीपावली में घर की सजावट से लेकर सोना, चांदी, मिठाई की दुकानों सहित अन्य जरूरत की सामग्री के लिए भीड़ उमड़ रही है। दुकानदारों का मानना है कि इस बार छोटे से छोटे और बड़े से बड़े दुकानदार की दीपावली बेहतर होगी।