May 19, 2024

केंद्रीय राज्यमंत्री के तीन महीने पहले दिए निर्देश को नगर निगम अधिकारियों ने किया हवाहवाई

Nibha Rajak
Faridabad/Alive News:
नंगला एनक्लेव पार्ट-1 के लोग सीवर ओवरफ्लो की समस्या से लंबे समय से जूझ रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस वार्ड की तीन गलियां और दो सड़कों की हालत जर्जर है। ये एरिया वार्ड नौ के अंतर्गत आता है। इस वार्ड के पार्षद महेंद्र भड़ाना है। इसके अतिरिक्त इस वार्ड में ट्यूबेल भी खराब है जिससे क्षेत्र में पानी की किल्लत बनी हुई है। जनहित युवा समिति ने उक्त समस्या के समाधान के लिए पत्र के माध्यम से केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर से गुहार लगाई है। केंद्रीय राज्यमंत्री को भी शिकायत किए हुए लगभग तीन महीने बीत चुके है लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

दरअसल, वार्ड नौ के अंतर्गत आने वाले नंगला एनक्लेव पार्ट-1 में समस्याओं का अंबार लगा है। 27 फुट रोड़ के साथ लगती गलियां खस्ताहाल है। गलियों में अनगिनत गड्ढे हैं। 27 फुट रोड़ पर नाला न होने के कारण मकानों का गंदा पानी आज भी सड़क पर भरा रहता है या फिर कुछ लोगों ने सीवर में घरों के कनेक्शन किए हुए है वहां पर सीवर ओवरफ्लो रहते है। जिससे वार्ड के लोगों का घर से बाहर निकलना मुहाल हो रहा है। लोग आते-जाते सड़क पर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ये समस्या वार्ड में पिछले पांच साल से बनी हुई है। लोगों का कहना है कि निवर्तमान पार्षद महेंद्र भड़ाना ने अपने कार्यकाल में नंगला एनक्लेव पार्ट-1 की समस्याओं पर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया और इस क्षेत्र के लोगों के साथ सौतेला व्यवहार किया।

इसके अतिरिक्त वार्ड में एक ट्यूबेल लगभग पांच साल पहले लगाया गया था, जिसका पानी सूख चुका है। जिससे वार्ड में पानी की किल्लत भी बनी हुई है। आगामी दिनों में पारा बढ़ने वाला है ऐसे में पानी की किल्लत से लोगों की परेशानी और अधिक बढ़ सकती है। लोगों का आरोप है कि बीते पांच साल में निवर्तमान पार्षद महेंद्र सरपंच इस समस्या का समाधान नहीं करा पाए हैं। जो दिन प्रतिदिन लोगों के गले की फांस बनती जा रही है। नगर निगम पार्षद और विधायक से शिकायत कर थक चुके स्थानीय लोगों ने अब उक्त समस्याओं की शिकायत केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर से की है। लेकिन केंद्रीय राज्यमंत्री को भी शिकायत किए हुए लगभग तीन महीने बीत चुके है आज भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।

बहरहाल, अब देखना यह है कि लोगों की समस्याओं का समाधान हो पाता है या फिर सिर्फ मुंगेरी लाल के हसीन सपने दिखाए जाते है।

क्या कहना है नगर निगम अधिकारी का
मंत्री जी ने फोन करके वार्ड में बनी समस्याओं के समाधान के निर्देंश दिए है। गलियों की मरम्मत के लिए फाइल बन चुकी है। अभी टेक्निकल प्रॉब्लम के कारण पोर्टल नहीं चल रहा है। जैसे ही पोर्टल चलता है काम शुरू हो जाएगा।
-ओ.पी. कर्दम, एक्सईएन, नगर निगम फरीदाबाद।