September 21, 2024

देश के इन हिस्सों में होगी भारी बारिश, पहाड़ों में बर्फबारी की संभावना

New Delhi/Alive News: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल और कश्मीर घाटी सहित हिमालयी क्षेत्र के लिए 6 मार्च से 10 मार्च तक बारिश, आंधी और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। आइएमडी ने कहा कि 6 मार्च को तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। साथ ही उत्तरी तटीय क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर भी भारी बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर पश्चिम भारत के आसपास के मैदानी इलाकों में 6 से 10 मार्च तक बारिश होने की संभावना है। कश्मीर घाटी में रविवार को भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है, जबकि महाराष्ट्र, गुजरात क्षेत्र, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 7 से 10 मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश होगी।

देश के इन हिस्सों में चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 12 घंटों के दौरान पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी, मन्नार की खाड़ी और तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों पर 35-45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। अगले 12 घंटों के दौरान हवा की गति धीरे-धीरे कम होगी।

खराब मौसम के चलत समुद्र में उठेंगी ऊंची लहरें
7 मार्च की सुबह तक दक्षिण-पश्चिम और इससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन क्षेत्र और तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों पर समुद्र की स्थिति खराब रहेगी। इस दौरान तटीय क्षेत्रों में समुद्री की लहरें ऊंची उठ सकती हैं।