September 29, 2024

नगर निगम ने की मेगा स्वच्छता अभियान की शुरूआत, शहर को गन्दा करने पर लगेगा जुर्माना

Faridabad/Alive News: – औद्योगिक नगरी फरीदाबाद प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर बने, इसके लिए नगर निगम (Municipal corporation) ने रविवार से मेगा स्वच्छता अभियान की शुरूआत की गई है। शहर को पूरी तरह साफ़ सुथरा बनाने के लिए इंदौर की तर्ज पर कार्य किया जा रहा है। इस दौरान शहर में जगह-जगह किए गए अतिक्रमण को हटाए जा रहा है। साथ ही शहर को गंदा करने वालों के चालान और जुर्माना लगाया जा रहा हैं।इसके साथ साथ लोगों को स्वच्छता का पाठ भी पढ़ाया जा रहा है।

नगर निगम के आयुक्त यशपाल यादव ने बताया कि फरीदाबाद को प्रदेश में सबसे स्वच्छ बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसे देखते हुए इंदौर की तर्ज पर शहर में स्वच्छता अभियान की शुरूआत की गई है। इस दौरान लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है और उनसे अपील की जा रही है कि इस मेगा अभियान में जुड़कर अपना सहयोग दें।

मेगा स्वच्छता अभियान पर रविवार को निगमायुक्त की ओर से नगर निगम की ऑफिस समीक्षा ऐप लांच की गई। उन्होंने बताया कि इससे यह जानकारी जुटाना आसान होगा कि किस वार्ड में कौन अधिकारी कैसा काम कर रहे हैं। ऐसे में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित भी किया जाएगा। कर्मचारी, अधिकारी आदि के कार्यों पर नजर रखने के साथ उनके कार्यों को परखने के लिए ऑफिस समीक्षा ऐप को जारी किया गया है।

निगमायुक्त ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए शहर के 40 वार्डों में अलग-अलग नोडल अधिकारी तैनात कए गए है। निगमायुक्त के अनुसार अब हर शुक्रवार और शनिवार को शहर के सभी 40 वार्डों को 6 हिस्सों में बांट कर अतिक्रमण हटाने का काम भी शुरू किया जाएगा। इसके अलावा इसमें जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संगठनों, एनजीओ का सहयोग से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सभी सफाई कर्मचारी नोडल अधिकारियों की देखरेेख में शहर को साफ सुथरा करेंगे। इसके अलावा कूड़े उठाने के लिए कर्मचारी अब हर दरवाजे पर पहुंचेंगे। वहीं जो व्यक्ति जहां-कूड़ा फेंकेंगे, उन पर कार्रवाई की जाएगी। निगमायुक्त ने बताया कि लोगों को समझाया जा रहा है कि वह गीला और सूखा कूड़ा अलग अलग डालें। साथ ही शहर को वायु प्रदूषण से मुक्त करने के लिए प्रयास तेज कर दिया गया है।