May 17, 2024

आने वाली पीढ़ियों के लिए आज पौधरोपण जरूरी: एस एस बांगा

Faridabad/Alive News: उद्योगपति एस एस बांगा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षित, तो जीवन सुरक्षित। यह शाश्वत सत्य है। पर्यावरण का संतुलन ही जीवनचक्र को नियंत्रित करता है।आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ सांसें लेने के लिए पौधरोपण जरूरी है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अहमदाबाद स्थित अपने विक्टोरा टूल्स कंपनी के प्रांगण में उन्होंने पौधारोपण किया।

उन्होंने कहा कि कोरोना के संक्रमण काल में जिस तरह से ऑक्सीजन के लिए हाहाकार मचा। ऐसे में पेड़ पौधों के प्रति और अधिक संवेदनशीलता बढ़ाने की सीख मिली। खुशी की बात है कि पहले की तुलना में बड़ी संख्या में लोग पौधारोपण करते हैं उसे संरक्षित भी करने का प्रयास कर रहे हैं। इसे एक अभियान के रूप में लेना होगा। ऑक्सीजन का प्रमुख स्रोत पेड़ पौधा भी है। हम अपने आसपास के जगह को जितना हरा भरा रखेंगे, हमें प्रकृति ऑक्सीजन भी उसी मात्रा में देगी।

विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर विक्टोरा टूल्स अहमदाबाद में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें करीब 1000 पौधे लगाए गए। इसे संरक्षित रखने का भी सभी ने संकल्प किया। यह बताते चले कि एस एस बांगा ट्री मैन के रूप में जाने जाते हैं। उद्योग नगरी फरीदाबाद में कई औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पौधे लगाए हैं। जो हरे भरे बाग में तब्दील हो चुके हैं।