November 27, 2026

फ्लाइट और होटल बुकिंग के नाम पर 9.46 लाख की ठगी, दो खाताधारक गिरफ्तार

फरीदाबाद साइबर थाना बल्लभगढ़ द्वारा फ्लाइट और होटल बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपी।

Faridabad/Alive News: फ्लाइट और होटल बुकिंग के नाम पर 9 लाख 46 हजार 950 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना बल्लभगढ़ टीम ने दो खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सूरज और होशियार निवासी नजफगढ़, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से सूरज के बैंक खाते में 2 लाख 32 हजार 200 रुपये और होशियार के खाते में 30 हजार रुपये आए थे।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-2 बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि अक्टूबर 2026 में उसने इंस्टाग्राम पर लॉट्स ऑफ़ ट्रेवल नाम से एक पेज देखा था। पेज पर दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद उसकी फ्लाइट और होटल बुकिंग को लेकर बातचीत हुई। शिकायतकर्ता को अपनी कंपनी के कर्मचारियों के लिए थाईलैंड, गोवा और अन्य स्थानों पर फ्लाइट एवं होटल बुकिंग करवानी थी।

आरोप है कि कथित ट्रैवल एजेंट ने अपनी बातों में फंसाकर शिकायतकर्ता से अलग-अलग माध्यमों से कुल 9,46,950 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। पैसे लेने के बाद न तो बुकिंग करवाई गई और न ही रकम वापस की गई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी खाताधारक हैं। सूरज के बैंक खाते में ठगी के 2 लाख 32 हजार 200 रुपये और होशियार के खाते में 30 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस के अनुसार, सूरज 12वीं पास है और मनी ट्रांसफर की दुकान चलाता है, जबकि होशियार 10वीं पास है और चाय की दुकान लगाता है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।