Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ साइबर थाना पुलिस ने फोन हैक कर 46 हजार रुपये की ठगी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गजेंद्र माहौर, संतोष रजत और विवेक खटीक के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के निवासी हैं।
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, बल्लभगढ़ की त्रिखा कॉलोनी निवासी शिकायतकर्ता ने 7 अक्टूबर 2026 को अपना फोन अचानक हैक होने और कई ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से 46 हजार रुपये निकल जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपित गजेंद्र उस बैंक खाते का धारक है जिसमें ठगी की रकम आई थी। गजेंद्र और विवेक पड़ोसी हैं। गजेंद्र ने अपना खाता विवेक को दिया, विवेक ने संतोष को सौंपा और संतोष ने टेलीग्राम के जरिए यह खाता आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपित 12वीं पास और बेरोजगार हैं। गिरफ्तारी के बाद तीनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

