November 25, 2026

फ्लाइट और होटल बुकिंग के नाम पर 9.46 लाख रुपये की ठगी, ट्रैवल एजेंसी बनाकर लोगों को फंसाता था आरोपी

फरीदाबाद साइबर थाना बल्लभगढ़ द्वारा फ्लाइट और होटल बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी के आरोपी की गिरफ्तारी।

इंस्टाग्राम और फेसबुक पर ‘लॉस्ट ऑफ़ ट्रेवल’ के नाम से बनाए थे पेज, साइबर थाना बल्लभगढ़ ने नजफगढ़ निवासी आरोपी को किया गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फ्लाइट और होटल बुकिंग के नाम पर 9,46,950 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कैलाश निवासी नजफगढ़, दिल्ली को काबू किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने ठगी के लिए इंस्टाग्राम और फेसबुक पर ‘लॉस्ट ऑफ़ ट्रेवल’ नाम से ट्रैवल एजेंसी के पेज बनाए हुए थे और खुद ही ग्राहकों से बातचीत कर उन्हें अपने जाल में फंसाता था।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-2 बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी कि अक्टूबर 2026 में उसने इंस्टाग्राम पर ‘लॉस्ट ऑफ़ ट्रेवल’ नाम से एक पेज देखा था। पेज पर दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद उसकी फ्लाइट और होटल बुकिंग को लेकर बातचीत हुई। शिकायतकर्ता को अपनी कंपनी के कर्मचारियों के लिए थाईलैंड, गोवा और अन्य स्थानों पर फ्लाइट तथा होटल बुकिंग करवानी थी।

इस दौरान कथित ट्रैवल एजेंट ने अपनी बातों में उलझाकर शिकायतकर्ता से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 9,46,950 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। रकम मिलने के बाद न तो बुकिंग करवाई गई और न ही पैसे वापस किए गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस जांच और पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कैलाश ने लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए इंस्टाग्राम और फेसबुक पर ‘लॉस्ट ऑफ़ ट्रेवल’ नाम से पेज बनाए थे। शिकायतकर्ता से बातचीत भी आरोपी ने खुद ही की थी। आरोपी 12वीं पास है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।