एवीटीएस भूपानी की टीम ने डबुआ मंडी में की कार्रवाई, आरोपी गांव भांखरी का रहने वाला; एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने एक युवक को 8.55 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव भांखरी निवासी आकाश के रूप में हुई है। पुलिस की एवीटीएस भूपानी टीम ने उसे डबुआ मंडी से काबू किया। आरोपी के खिलाफ थाना डबुआ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 24 नवंबर को एवीटीएस भूपानी की टीम को सूचना मिली थी कि डबुआ मंडी में एक व्यक्ति के पास मादक पदार्थ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी कर संदिग्ध युवक को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 8.55 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह स्मैक दिल्ली के सदर बाजार से एक व्यक्ति से 10 हजार रुपये में खरीदकर लाया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आकाश ड्राइविंग का काम करता है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में मादक पदार्थ उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के संबंध में भी जांच की जा रही है।

