November 23, 2026

विवाद के दौरान आतंकी संगठनों के समर्थन में नारे लगाने का आरोप, ऑटो चालक गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ के सेक्टर-3 में सीनियर सिटीजन क्लब के सामने हुए विवाद के दौरान पाकिस्तान और आतंकी संगठनों के समर्थन में नारे लगाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति कथित तौर पर पाकिस्तान, आईएसआई, अलकायदा और आतंकी हाफिज सईद के समर्थन में नारे लगाता सुनाई दे रहा है। शिकायत और वीडियो के आधार पर सेक्टर-3 चौकी पुलिस ने रविवार रात आरोपी अनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके घर की तलाशी भी ली, जहां से दुनिया का एक नक्शा मिला। हालांकि, पुलिस को कोई अन्य संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

शिकायतकर्ता सीनियर सिटीजन क्लब के महासचिव चरण सिंह यादव के अनुसार, 22 नवंबर को दोपहर करीब 12:50 बजे वह अपने साथियों के साथ पाइप लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अनोज कुमार वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने मारपीट की धमकी देते हुए पाकिस्तान और आतंकी संगठनों के समर्थन में नारे लगाए। मौके पर मौजूद इंदेश शर्मा ने घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।

वीडियो में दी चुनौती

शिकायत के मुताबिक, वीडियो में आरोपी यह कहते हुए भी सुनाई दे रहा है कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। मौके पर मौजूद एक युवती और महिला उसे रोकने की कोशिश करती दिखाई देती हैं। इसके बाद वह घर के अंदर चला जाता है।

धर्म परिवर्तन के दावे की पुलिस ने नहीं की पुष्टि

हिंदू जागरण मंच के सदस्यों ने आरोप लगाया कि अनोज ने धर्म परिवर्तन कर अपना नाम सुन्नी खान रख लिया है। पड़ोसियों के अनुसार, वह करीब 15 साल से मुस्लिम धर्म से जुड़ा हुआ है। हालांकि, पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने स्पष्ट किया कि धर्म परिवर्तन को लेकर पुलिस के पास कोई जानकारी नहीं है। आरोपी मूल रूप से हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है और कई साल से सेक्टर-3 में रहकर ऑटो चलाता है। पुलिस के अनुसार, उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।