Faridabad/Alive News: उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर समेत कई राज्यों में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियों पर मंथन शुरू कर दिया है। इसके लिए फरीदाबाद का सूरजकुंड एक बार फिर राष्ट्रीय राजनीति का केंद्र बनने जा रहा है। 27 और 28 नवंबर को यहां भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक प्रस्तावित है। इसमें संगठन की मजबूती, आगामी चुनावों की तैयारियों और राजनीतिक चुनौतियों पर चर्चा होने की संभावना है।
सूरजकुंड भाजपा के लिए नया बैठक स्थल नहीं है। दिल्ली से नजदीकी और शांत वातावरण के चलते पार्टी पहले भी यहां कई अहम राष्ट्रीय बैठकें कर चुकी है। इन बैठकों में संगठन की दिशा तय करने से लेकर विधानसभा चुनावों की रणनीति तक पर विचार-विमर्श हुआ है।
चुनावी तैयारियों के लिए पहले भी चुना गया सूरजकुंड
सितंबर 2012 में यहां भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक हुई थी। उस समय केंद्र में यूपीए सरकार थी और कोयला आवंटन विवाद, महंगाई तथा डीजल की कीमतों में वृद्धि जैसे मुद्दे चर्चा में थे। बैठक में सरकार के खिलाफ आंदोलन और विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर मंथन हुआ था। इसके बाद गुजरात में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाई, जबकि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को जीत मिली।
जून 2014 में लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद नवनिर्वाचित सांसदों के लिए सूरजकुंड में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 180 सांसद शामिल हुए थे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें संबोधित किया था।
सितंबर 2016 में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्रियों की बैठक भी सूरजकुंड में हुई थी। इसमें 2017 में होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की गई थी। इसके बाद उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भाजपा ने सरकार बनाई। गोवा और मणिपुर में भी पार्टी सरकार बनाने में सफल रही, जबकि पंजाब में कांग्रेस ने जीत दर्ज की।
ऐसे में 27 और 28 नवंबर को होने वाली बैठक को 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले संगठनात्मक रणनीति तैयार करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

