November 22, 2026

मरीज को रिक्शे में लेकर अस्पताल पहुंचा ससुर, एंबुलेंस बुलाने के लिए नहीं थी 112 नंबर की जानकारी

Faridabad/Alive News: आपात स्थिति में मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी होता है, लेकिन जागरूकता की कमी के चलते कई बार परिजन उपलब्ध सुविधाओं का लाभ नहीं उठा पाते। रविवार को बीके नागरिक अस्पताल में ऐसा ही मामला सामने आया। सेक्टर-22 निवासी 34 वर्षीय अरविंद सुबह ब्रश करते समय फिसलकर गिर गए। इसके बाद वह खुद से उठने और चलने में असमर्थ हो गए। ऐसे में उनके ससुर ने उन्हें रिक्शे में बैठाया और खुद रिक्शा चलाकर अस्पताल पहुंचाया।

परिजनों के अनुसार, अरविंद सुबह गिरने के बाद से ही उठ नहीं पा रहे थे। उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस की सुविधा लेने का विचार आया, लेकिन 112 नंबर की जानकारी नहीं होने के कारण वे रिक्शे से ही अस्पताल पहुंच गए। इमरजेंसी के बाहर मरीज को रिक्शे से उतारकर उपचार के लिए अंदर ले जाया गया।

अस्पताल में लगाए गए हैं जागरूकता पोस्टर

बीके अस्पताल के कार्यकारी पीएमओ डॉ. विकास गोयल ने बताया कि मरीजों को एंबुलेंस की सुविधा लेने के लिए 112 नंबर पर कॉल करना होता है। अस्पताल परिसर में भी जगह-जगह डायल 112 के पोस्टर लगाए गए हैं, ताकि लोगों को इस सुविधा की जानकारी मिल सके। आपात स्थिति में परिजन 112 पर कॉल कर एंबुलेंस की मदद ले सकते हैं।