Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब 10 महीने पहले शव वाहन नहीं मिलने पर एक परिवार को महिला का शव ठेले पर ले जाना पड़ा था। उस समय मानवाधिकार आयोग ने भी मामले में संज्ञान लेकर स्वास्थ्य विभाग से जवाब मांगा था। इसके बाद अस्पतालों में शव वाहन की सुविधा को लेकर दावे किए गए थे, लेकिन अब बल्लभगढ़ में सड़क हादसे में जान गंवाने वाली 19 वर्षीय युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए कूड़ा उठाने वाले वाहन में ले जाने का मामला सामने आया है।
परिजनों का आरोप है कि सरकारी अस्पताल से शव वाहन मांगा गया, लेकिन उन्हें कोई मदद नहीं मिली। मजबूरी में उन्हें दूसरे वाहन का सहारा लेना पड़ा। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ट्रांसपोर्ट इंचार्ज ने बताया कि रेडक्रॉस की ओर से शव वाहन उपलब्ध कराया गया है और इसके लिए फोन पर सूचना देनी होती है। ऐसे में सवाल है कि सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद जरूरतमंद परिवार तक इसकी जानकारी और मदद क्यों नहीं पहुंच पाई।

