100 से ज्यादा घाटों पर महिलाओं ने की पूजा, डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की
Faridabad/Alive News: लोक आस्था के महापर्व छठ पर रविवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही व्रती महिलाएं पूजा की तैयारियों में जुटी रहीं। शाम होते ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। महिलाओं ने पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि, बच्चों की लंबी उम्र और खुशहाली की कामना की। इस दौरान छठी मैया के गीतों और जयकारों से घाट गूंज उठे। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के एनआईटी, पल्ला, बसंतपुर, सराय ख्वाजा, ओल्ड फरीदाबाद, चंदावली गांव और सेक्टर-52 समेत शहर में 100 से अधिक स्थानों पर बनाए गए घाटों पर श्रद्धालुओं ने पूजा की। कई जगहों पर मेले जैसा माहौल रहा।
हार्डवेयर चौक स्थित राजीव कॉलोनी के प्राचीन शिव मंदिर में भी छठ पूजा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यहां व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। मंदिर के महंत आचार्य सर्वेश पांडे ने विधि-विधान से पूजा कराई और श्रद्धालुओं को अर्घ्य दिलवाया। महिलाओं ने सूप में फल, ठेकुआ और अन्य पूजा सामग्री सजाकर सूर्य देव को अर्पित की। मंदिर परिसर में शाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।
चंदावली में मेले जैसा माहौल, सेक्टर-52 में विशेष व्यवस्था
चंदावली गांव में भी छठ महापर्व पर प्रवासी परिवारों में खासा उत्साह दिखाई दिया। महिलाओं ने घाट पर पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान घाट पर मेले जैसा माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग पूजा में शामिल हुए। वहीं सेक्टर-52 में भाजपा पार्षद जयवीर खटाना की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। यहां भी बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं और उनके परिवारों ने पूजा-अर्चना की।
सोसायटियों में भी छठ पूजा की धूम
ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-86 स्थित ओमैक्स हाइट्स सोसायटी में भी छठ पूजा का आयोजन किया गया। यहां रहने वाली व्रती महिलाओं ने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। पूजा में बच्चों और बुजुर्गों ने भी हिस्सा लिया। सोसायटी में छठ के पारंपरिक गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा की।
आज उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूरा होगा व्रत
छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार सुबह व्रती महिलाएं घाटों पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ पूजा का समापन होगा। रविवार शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद अब श्रद्धालु सोमवार सुबह होने वाली पूजा की तैयारियों में जुटे हैं।

