November 14, 2026

फरीदाबाद पुलिस की कल्याण संगोष्ठी में 9 सुझावों पर चर्चा, 80% से अधिक समस्याओं का मौके पर समाधान

फरीदाबाद पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित पुलिस कल्याण संगोष्ठी।

Faridabad/Alive News: पुलिसकर्मियों की समस्याओं और कार्यस्थल पर सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने 14 नवंबर को सेक्टर-21सी स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में ‘सी’ स्तरीय कल्याण संगोष्ठी आयोजित की। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कर्मचारियों की ओर से रखे गए 9 सुझावों पर चर्चा की गई। इनमें से 80 प्रतिशत से अधिक का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।

संगोष्ठी में थाना सेक्टर-58, थाना डबुआ, थाना शहर बल्लभगढ़ और महिला थाना एनआईटी सहित विभिन्न इकाइयों से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं रखीं। इनमें थानों और चौकियों में कुर्सी-मेज की व्यवस्था, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति और पुलिस भवनों की मरम्मत जैसे मुद्दे शामिल थे।

पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश दिए। जिन मामलों में दूसरे विभागों या उच्च कार्यालयों की मदद जरूरी है, उनके लिए पत्राचार करने को कहा गया।

उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण देना विभाग की प्राथमिकता है। इससे उनका मनोबल बढ़ेगा और वे अपनी ड्यूटी बेहतर तरीके से कर सकेंगे।

बैठक में डीसीपी मुख्यालय हिमाद्री कौशिक, डीसीपी क्राइम जयवीर राठी, डीसीपी बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल, डीसीपी सेंट्रल राजेश मोहन सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।