November 13, 2026

ठंड बढ़ते ही त्वचा की परेशानी बढ़ी, ओपीडी में रोज पहुंच रहे 100 से अधिक मरीज

Faridabad/Alive News: मौसम में गिरते तापमान के साथ अब त्वचा संबंधी समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं। ठंड के कारण त्वचा की नमी कम होने से लोगों को खुजली, जलन और रूखेपन की शिकायत हो रही है। इसका असर बीके नागरिक अस्पताल की त्वचा रोग ओपीडी में भी दिखाई दे रहा है। यहां रोजाना सौ से अधिक मरीज त्वचा संबंधी समस्याओं का उपचार कराने पहुंच रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे मरीजों की है, जिन्हें शरीर पर खुजली, छोटे-छोटे दाने और त्वचा में खिंचाव की परेशानी हो रही है।

डॉक्टर के अनुसार सर्दियों में वातावरण की नमी कम होने और तापमान गिरने से त्वचा की प्राकृतिक नमी प्रभावित होती है। इससे त्वचा रूखी होने लगती है। खासकर हाथ, पैर, चेहरा और शरीर के खुले हिस्से अधिक प्रभावित होते हैं। कई लोगों को त्वचा पर सफेद पपड़ी जमने, जलन और खुजली की समस्या भी होने लगती है। जिन लोगों को पहले से त्वचा संबंधी परेशानी है, उन्हें इस मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

डॉक्टर की सलाह
चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. डीएस राठी  ने कहा कि ठंड में त्वचा की नमी कम होने से रूखापन, खुजली और दाने होने की समस्या बढ़ जाती है। ऐसे में त्वचा को मॉइस्चराइज रखें और अधिक गर्म पानी से न नहाएं। परेशानी बढ़ने पर डॉक्टर से सलाह जरूर लें।