November 13, 2026

लोगों के सामने कुत्ते पर बरसाता रहा डंडे, रोकने की कोशिश करते रहे पड़ोसी

Faridabad/Alive News: गली में आसपास के लोग मौजूद थे, कुछ उसे रोकने की कोशिश भी कर रहे थे, लेकिन व्यक्ति पर इसका कोई असर नहीं हुआ। वह डंडे से कुत्ते पर लगातार वार करता रहा। एनआईटी क्षेत्र के संजय एंक्लेव की गली नंबर-6 में हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो में एक व्यक्ति कुत्ते को दौड़ा-दौड़ाकर पीटता दिखाई दे रहा है। घटना के दौरान कुत्ता बचने के लिए इधर-उधर भागता रहा, लेकिन व्यक्ति उसका पीछा कर डंडे बरसाता रहा। अब यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। मामले में बजरंग फोर्स की ओर से पर्वतीय कॉलोनी पुलिस चौकी में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है।

घर से डंडा लेकर निकला, कुत्ते के पीछे दौड़ा

सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि व्यक्ति अपने घर से हाथ में डंडा लेकर बाहर आता है। गली में कुछ दूरी पर दो कुत्ते बैठे दिखाई देते हैं। व्यक्ति उनके पास पहुंचकर डंडे से वार करना शुरू कर देता है। चोट लगने पर कुत्ता भौंकने लगता है और वहां से भागने की कोशिश करता है। इसके बावजूद व्यक्ति उसका पीछा करता रहता है और लगातार डंडे मारता है।

आसपास के लोगों ने रोकने का किया प्रयास

कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आते हैं। गली में मौजूद लोग व्यक्ति को रोकने और समझाने का प्रयास करते हैं, लेकिन आरोप है कि वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ। पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

बजरंग फोर्स ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग

पर्वतीय कॉलोनी पुलिस चौकी में दी गई शिकायत में कुत्ते को पीटने वाले व्यक्ति की पहचान समीर खान के रूप में बताई गई है। बजरंग फोर्स के अध्यक्ष राजकुमार उर्फ बिट्टू बजरंगी ने शिकायत देकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।