Sonipat/Alive News: सोनीपत के कबीरपुर क्षेत्र में जमीन का इंतकाल दर्ज करने और उसकी कॉपी उपलब्ध कराने के नाम पर 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने हलका पटवारी और उसके निजी सहायक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी कि हलका पटवारी सुरेश कुमार और उसका निजी सहायक साहिल काम के बदले रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर भिवानी एसीबी यूनिट के इंस्पेक्टर जगजीत सिंह के नेतृत्व में जाल बिछाया गया। इस दौरान निजी सहायक साहिल को 7 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया, जिसके बाद मामले में संलिप्त पटवारी सुरेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई के समय हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड भिवानी के एक्सईएन निखिल राठी बतौर राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 105 के तहत संपन्न की गई। एसीबी रोहतक थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 7A के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

