Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में काली पूजा के अवसर पर सेक्टर-8 और शिवदुर्गा विहार में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मां काली के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।
सेक्टर-8 स्थित मिथिलेश्वरी काली मंदिर में मिथिला नवयुवक संघ की ओर से 43वां काली पूजा समारोह मनाया गया। 9 नवंबर को आयोजित समारोह में पंडितों ने रात्रि भर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान जुली झा और राधे भाई की टीम ने भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में संस्था की वार्षिक स्मारिका का विमोचन भी किया गया। उत्कृष्ट योगदान देने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया।
वहीं, शिवदुर्गा विहार स्थित परिवर्तन वाटिका में मिथिलांचल काली पूजा समिति ने काली पूजा का आयोजन किया। कार्यक्रम में मेयर प्रवीण बत्रा जोशी मुख्य अतिथि और भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य संदीप जोशी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। यहां करीब 140 बच्चों ने मां काली को समर्पित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मेयर ने कहा कि क्षेत्र का विकास जनसहयोग के बिना संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता बनाए रखने और पॉलीथिन के बजाय कपड़े या जूट के थैलों का इस्तेमाल करने की अपील की।
दोनों आयोजनों में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

