November 10, 2026

भाई के माथे पर तिलक, हाथ में नारियल और आंखों में लंबी उम्र की दुआ, भाई दूज के लिए तैयार बहनें

Faridabad/Alive News: भाई के माथे पर तिलक लगाकर उसकी लंबी उम्र की कामना करना और बदले में भाई से उपहार पाना, भाई दूज का यह रिश्ता एक बार फिर बाजारों में रौनक लेकर आया है। आज मनाए जाने वाले पर्व के लिए बहनों ने तैयारियां कर ली हैं। कोई भाई की पसंदीदा मिठाई खरीद रही है तो कोई तिलक की थाली सजा रही है। इस बार पर्व पर नारियल के गोलों की बढ़ती मांग भी चर्चा में है। सामान्य दिनों में 40 रुपये में मिलने वाला नारियल का गोला अब 70 से 80 रुपये तक बिक रहा है। इसके बावजूद बहनों के उत्साह में कोई कमी नहीं है।

मंगलवार को ओल्ड फरीदाबाद, एनआईटी और बल्लभगढ़ के बाजारों में नारियल की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ रही। दुकानदारों के मुताबिक, भाई दूज के चलते नारियल के गोलों की मांग में तेजी आई है। त्योहार के कारण इनके दाम भी बढ़ गए हैं। बहनें अपनी जरूरत के अनुसार नारियल खरीद रही हैं।

तिलक की थाली में भाई की पसंद का भी रखा ध्यान

बाजारों में रोली, अक्षत, कलावा, दीपक और सजी हुई पूजा की थालियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इसके साथ ही मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। बहनें भाइयों की पसंद के अनुसार मिठाइयां और उपहार खरीदती नजर आईं। कई बहनों ने घरों में पकवान बनाने और पूजा की थाली सजाने की तैयारी भी पूरी कर ली है।

यमराज ने बहन यमुना से लिया था तिलक

पंडित आरके शास्त्री ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया को यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे थे। यमुना ने उनका स्वागत कर भोजन कराया और माथे पर तिलक लगाया। तभी से भाई दूज पर बहनों द्वारा भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और खुशहाली की कामना करने की परंपरा चली आ रही है।