November 10, 2026

महावीर नगर मंदिर में गोवर्धन पूजा पर हुआ अन्नकूट भंडारा

Faridabad/Alive News: ओल्ड फरीदाबाद के महावीर नगर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में श्री महावीर मंदिर सेवा समिति ट्रस्ट की ओर से गोवर्धन पूजा धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में गोवर्धन महाराज की विशाल प्रतिमा बनाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने सात परिक्रमा कर आरती की। इसके बाद अन्नकूट के विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें कढ़ी, बाजरे का दलिया और विभिन्न हरी सब्जियों से तैयार प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। इस दौरान भजन-कीर्तन पर भक्त झूमते नजर आए। सेवादार टेकचंद नंदराजोग (टोनी पहलवान), करण सिंगला और केडी शर्मा ने बताया कि अन्नकूट की परंपरा भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ग्रामीणों की रक्षा करने की कथा से जुड़ी है। इस मौके पर सतपाल चौधरी, चरण सिंह सैनी, योगेश चावला सहित अन्य सेवादार और महिला मंडल के सदस्य मौजूद रहे।