Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के बीके अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में नशे में धुत एक युवक ने मरीजों और उनके परिजनों को परेशान किया। आरोप है कि युवक बिना ओपीडी पर्ची के वार्ड में घुस गया। उसने एक महिला मरीज से सिर दर्द होने की बात कहकर सिर दबाने को कहा। इतना ही नहीं, उसने महिला का खाना भी जूठा कर दिया।
युवक की हरकतों से परेशान महिला के पति ने अस्पताल कर्मचारियों से शिकायत कर उसे वार्ड से बाहर निकालने की मांग की। इसके बावजूद युवक कई घंटे तक वार्ड में बेड पर पड़ा रहा और बड़बड़ाता रहा। बाद में अस्पताल का एक कर्मचारी डंडा लेकर पहुंचा और उसे वार्ड से बाहर ले गया। घटना रविवार की है। अब इस घटना का वीडियो सामने आया है।
महिला मरीज से कहा- मेरा सिर दबा दो
महिला मरीज के पति के मुताबिक, युवक नशे की हालत में वार्ड में पहुंचा था। उसने वहां मौजूद महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। युवक ने उनकी पत्नी से सिर दर्द होने की बात कहकर सिर दबाने को कहा। इसके अलावा उसने महिला का खाना भी जूठा कर दिया। इससे परेशान होकर उन्होंने अस्पताल के कर्मचारियों से शिकायत की और युवक को वार्ड से बाहर निकालने की मांग की।
डंडा लेकर पहुंचा कर्मचारी, फिर भी नहीं उठा
परिजनों की शिकायत के बाद अस्पताल का एक कर्मचारी डंडा लेकर वार्ड में पहुंचा। उसने युवक को उठाने की कोशिश की, लेकिन वह कुछ देर के लिए आंखें खोलता और फिर दोबारा लेट जाता। कई घंटे तक उसकी यही स्थिति बनी रही। बाद में अस्पताल के कर्मचारी उसे दूसरे वार्ड में ले गए।
CMO बोले- मामले की जानकारी नहीं
बताया गया है कि युवक करीब 5 से 6 घंटे तक अस्पताल में रहा। अस्पताल में उसके इलाज से संबंधित कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। उसे इमरजेंसी विभाग से दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया था। कुछ समय बाद वह खुद ही अस्पताल से चला गया।
इस मामले में जब मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. जयंत आहूजा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।

