November 10, 2026

गोवर्धन पूजा पर मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, जगह-जगह लगे अन्नकूट के भंडारे

Faridabad/Alive News: औद्योगिक नगरी में मंगलवार को गोवर्धन पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। शहर के मंदिरों, घरों और सोसायटियों में भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन स्वरूप की पूजा-अर्चना की गई। कहीं छप्पन भोग लगाया गया तो कहीं भजन-कीर्तन और अन्नकूट के भंडारों का आयोजन हुआ।

एनआईटी-5 स्थित बांके बिहारी मंदिर के पुजारी विनोद बिहारी शास्त्री ने बताया कि मंदिर परिसर में गोबर से गोवर्धन भगवान की आकृति बनाकर फूलों और रंगों से सजाया गया। भगवान को 56 प्रकार के पकवानों का भोग लगाया गया। श्रद्धालुओं ने सात परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की कामना की।

वहीं, तिकोना पार्क स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में गोवर्धन पर्वत को रंगों और मोमबत्तियों से सजाया गया। शाम को भजन-कीर्तन हुआ और रात नौ बजे प्रसाद वितरित किया गया। ग्रेटर फरीदाबाद की एसआरएस रेजिडेंसी, प्रिंसेस पार्क और प्रणायाम सहित कई सोसायटियों में भी सामूहिक पूजा हुई।

गोवर्धन पूजा के अवसर पर ओल्ड फरीदाबाद, एनआईटी और बल्लभगढ़ समेत कई इलाकों में अन्नकूट के भंडारे लगाए गए। गांव मवई स्थित ओमेक्स हाइट्स में सांई मित्र मंडल के सदस्यों ने अन्नकूट प्रसाद तैयार कर श्रद्धालुओं में वितरित किया।