November 10, 2026

सर्दी की दस्तक, सरकारी स्कूलों में जमीन पर बैठकर पढ़ेंगे 15 हजार से अधिक बच्चे

Faridabad/Alive News: सर्दी ने दस्तक देनी शुरू कर दी है, लेकिन जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले हजारों बच्चों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था अब भी नहीं हो पाई है। स्कूलों में ड्यूल डेस्क की कमी के चलते 15 हजार से अधिक विद्यार्थियों को जमीन पर टाट-पट्टी बिछाकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। चिंता की बात यह है कि आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के साथ इन बच्चों की परेशानी भी बढ़ेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट भाषण में एक नवंबर से स्कूलों में ड्यूल डेस्क पहुंचाने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक स्कूलों में इनकी आपूर्ति शुरू नहीं हुई है। विभागीय स्तर पर खरीद प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो सकी है।

378 स्कूलों में बैठने की व्यवस्था का संकट

फरीदाबाद और बल्लभगढ़ ब्लॉक के 378 सरकारी स्कूलों में बाल वाटिका से लेकर 12वीं कक्षा तक करीब एक लाख विद्यार्थी पढ़ते हैं। इनमें कई ग्रामीण और शहरी स्कूल ऐसे हैं, जहां विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार ड्यूल डेस्क उपलब्ध नहीं हैं। राजकीय प्राथमिक पाठशाला मुजेसर, ओल्ड फरीदाबाद की कन्या प्राथमिक पाठशाला, न्यू जनता कॉलोनी, सारन, झाड़सेतली और फतेहपुर बिल्लौच के स्कूलों में भी डेस्क की कमी बताई जा रही है।

डेस्क के साथ कमरों की कमी भी बनी समस्या

स्कूलों में केवल ड्यूल डेस्क ही नहीं, बल्कि कमरों और सुरक्षा व्यवस्था की कमी भी परेशानी बढ़ा रही है। कई स्कूलों में खिड़कियां और दरवाजे टूटे हुए हैं। ऐसे में ठंडी हवा सीधे कक्षाओं में आती है और फर्श पर बैठने वाले बच्चों को ज्यादा परेशानी होती है।

तीन साल से नहीं हुई नई खरीद

सरकारी स्कूलों में वर्ष 2023 के बाद ड्यूल डेस्क की खरीद के लिए नई राशि जारी नहीं हुई। इस साल अप्रैल में स्कूलों से विद्यार्थियों और डेस्क की जरूरत का ब्योरा मांगा गया था, लेकिन अब तक आपूर्ति नहीं हुई।

हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन के जिला प्रधान चतर सिंह के अनुसार, कई स्कूलों में कमरों और चौकीदारों की कमी के कारण ड्यूल डेस्क की सुरक्षा भी चुनौती है। वहीं, राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय मुदगिल ने कहा कि ठंड बढ़ने से पहले स्कूलों में ड्यूल डेस्क पहुंचने चाहिए।

उप जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. मनोज मित्तल ने बताया कि स्कूलों से विद्यार्थियों और ड्यूल डेस्क की जानकारी लेकर निदेशालय को भेज दी गई है। जल्द डेस्क पहुंचने की उम्मीद है।