Faridabad/Alive News: बुढ़ापे में आर्थिक सहारा देने वाली पेंशन पाने के लिए बुजुर्गों को अब सरकारी दफ्तरों की दौड़ लगानी पड़ रही है। किसी की परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में आय निर्धारित सीमा से अधिक दर्ज है तो किसी की उम्र और नाम का सत्यापन नहीं हो पा रहा। ऐसे में पात्रता की उम्मीद लेकर आवेदन करने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगों को पेंशन शुरू होने का इंतजार करना पड़ रहा है। कई लोग अपनी समस्या के समाधान के लिए जिला समाज कल्याण विभाग से लेकर सेक्टर-12 लघु सचिवालय तक के चक्कर काट रहे हैं।
रोजाना 200 लोग पहुंच रहे विभाग के कार्यालय
जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में प्रतिदिन करीब 200 लोग अलग-अलग समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं। इनमें 100 से अधिक लोग नए पेंशन आवेदन से संबंधित कार्यों के लिए आते हैं। इसके अलावा रुकी हुई पेंशन शुरू करवाने, फोटो अपलोड कराने और दस्तावेजों में सुधार करवाने वाले भी शामिल हैं। बुजुर्गों का कहना है कि एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय भेजे जाने के कारण उनकी परेशानी बढ़ रही है। उम्र और शारीरिक कमजोरी के चलते बार-बार दफ्तर पहुंचना भी उनके लिए मुश्किल हो रहा है।
पीपीपी में आय अधिक दिखने से अटक रहे आवेदन
पेंशन प्रक्रिया में परिवार पहचान पत्र की जानकारी सबसे बड़ी बाधा बन रही है। कई बुजुर्गों के पीपीपी में निर्धारित सीमा से अधिक आय दर्ज होने के कारण आवेदन आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। वहीं, कुछ मामलों में नाम और उम्र का सत्यापन नहीं होने से भी पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। बुजुर्गों का कहना है कि दस्तावेजों में कमी होने पर उन्हें एक बार में पूरी जानकारी दी जाए, ताकि बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पात्रता जांच के बाद ही सूची में जुड़ता है नाम
जिला समाज कल्याण अधिकारी ममता शर्मा ने बताया कि पीपीपी में दर्ज आय, उम्र और अन्य जानकारियों का मिलान होने के बाद ही लाभार्थी का नाम पेंशन सूची में शामिल होता है। जिन मामलों में दस्तावेजों या पीपीपी में त्रुटियां होती हैं, उनमें संबंधित जानकारी ठीक करवाना जरूरी है। निदेशालय की ओर से पात्र लोगों की सूची भेजी जाती है।

