Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के बड़खल इलाके में इंसानियत दिखाने का एक खौफनाक अंजाम सामने आया है। दो महिलाओं के बीच हो रहे झगड़े में बीच-बचाव और सुलह कराने की कोशिश करने वाले एक व्यक्ति पर महिला के परिवारवालों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने गली से गुजरते समय पीड़ित के सिर पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मारपीट होती साफ दिखाई दे रही है।
क्या है पूरा मामला?
बड़खल कॉलोनी निवासी सराफत अली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 8 नवंबर को उनके पड़ोस में रहने वाली दो महिलाओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। एक जिम्मेदार पड़ोसी होने के नाते उन्होंने दोनों के बीच सुलह कराने का प्रयास किया। इस दौरान एक महिला के साथ उनकी कुछ कहासुनी भी हुई थी, लेकिन मामला शांत होने के बाद सभी अपने घर चले गए थे।
रात 9 बजे रास्ते में रोककर किया हमला
पीडि़त सराफत अली का आरोप है कि उसी दिन (8 नवंबर) को रात करीब 9 बजे जब वह गली से गुजर रहे थे, तो आरोपी महिला के पति ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इसके बाद उनके सिर पर ईंट से जोरदार हमला कर दिया गया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई। आरोप है कि इसके बाद गली के कोने पर अन्य लोगों ने भी उनके साथ जमकर मारपीट की। अचानक हुए इस हमले से पीड़ित संभल नहीं सके।
दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस कर रही जांच
इस मामले में पीड़ित सराफत अली ने अनखीर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, दूसरी ओर महिला पक्ष की तरफ से भी पहले शिकायत दी जा चुकी है। अनखीर चौकी पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए चौकी बुलाया है। वीडियो फुटेज और घटनास्थल के तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

