November 10, 2026

फरीदाबाद में बिल्डर की बड़ी धोखाधड़ी: 80% भुगतान के बाद भी नहीं मिले फ्लैट, बैंक में गिरवी संपत्तियों को दूसरों को बेचने पर FIR

Sarvome housing project building in Sector 45 Faridabad.

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-45 स्थित सरवोम (Sarvome) प्रोजेक्ट में फ्लैट खरीदारों के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कंपनी पर आरोप है कि उसने तीन फ्लैटों की कुल कीमत का 80 प्रतिशत से अधिक भुगतान लेने के बाद खरीदारों का आवंटन अचानक रद्द कर दिया और वर्ष 2024 में वही फ्लैट अन्य लोगों को बेच दिए। इस मामले में पुलिस ने आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की जांच और कानूनी राय के बाद संबंधित कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

शिकायतकर्ता राजीव नाथवानी, हरि राम और गौरव नाथवानी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उन्हें सेक्टर-45 स्थित सरवोम प्रोजेक्ट में दो कमरे के फ्लैट आवंटित किए गए थे। इसके एवज में उन्होंने वर्ष 2023-2024 के दौरान फ्लैट की कुल कीमत का 80% से ज्यादा भुगतान कर दिया था।

आरोप है कि कंपनी ने तय समय सीमा (वर्ष 2024) में निर्माण पूरा करने का भरोसा दिया था, लेकिन निर्माण पूरा करने के बजाय कंपनी ने उनका आवंटन रद्द कर दिया और वे फ्लैट किसी और को बेच डाले।

ICICI बैंक के पास गिरवी थे फ्लैट

पीड़ितों ने अपनी शिकायत में यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि उनके द्वारा खरीदे गए ये फ्लैट ICICI बैंक के पास गिरवी (Mortgage) रखे हुए थे। इसके बावजूद कंपनी ने नियमों को ताक पर रखकर इन्हें दूसरे खरीदारों को बेच दिया। न्याय की गुहार लगाते हुए पीड़ितों ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत दी थी।

EOW की जांच के बाद सूरजकुंड थाने में केस दर्ज

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सितंबर 2026 में जनसुनवाई के माध्यम से यह शिकायत पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे आर्थिक अपराध शाखा (EOW), NIT फरीदाबाद को जांच के लिए सौंपा गया।

जांच के दौरान जिला न्यायवादी (ADA) से कानूनी राय ली गई, जिसके बाद कंपनी ‘जॉतिंद्रा स्टील (इंफ्रास्ट्रक्चर) लिमिटेड’ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 316(2) के तहत सूरजकुंड थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।