Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। क्राइम ब्रांच बड़खल टीम ने कार्रवाई करते हुए टिंडर ऐप के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाकर लूटपाट करने और झूठे दुष्कर्म के मामलों में फंसाने की धमकी देकर अवैध वसूली करने वाले गिरोह की दो महिला आरोपियों (मां-बेटी) को गिरफ्तार किया है।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि ये शातिर महिलाएं टिंडर ऐप के जरिए अच्छे आर्थिक बैकग्राउंड वाले लोगों को फ्रेंडशिप रिक्वेस्ट भेजकर अपने संपर्क में लाती थीं। इसके बाद उन्हें मिलने के बहाने होटल बुलाकर नशीला पदार्थ पिलाया जाता था और मौका पाकर कीमती सामान लूट लिया जाता था। इसके अलावा, पीड़ितों को कानूनी पचड़े और झूठे रेप केस में फंसाने का डर दिखाकर भारी मात्रा में पैसों की अवैध वसूली की जाती थी।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि इस गिरोह ने फरीदाबाद और दिल्ली-एनसीआर के अलावा अंडमान और सूरत जैसे क्षेत्रों में भी इस तरह की कई वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य साथियों और मामलों की गहराई से छानबीन कर रही है।

