November 2, 2026

बल्लभगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग साइबर ठगी के मामलों में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने दो अलग-अलग साइबर ठगी के मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अजरुद्दीन निवासी पायला कलां, बालोतरा, राजस्थान और शिवम निवासी इंदराई, फिरोजपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-8 निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि 5 अक्टूबर को उनका मोबाइल फोन अचानक हैक हो गया, जिससे उनके बैंक खाते से 1,26,701 रुपये की अवैध निकासी हो गई। साइबर थाना बल्लभगढ़ ने मामला दर्ज कर तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपी अजरुद्दीन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को मुहैया कराया था, जिसमें ठगी की 98,701 रुपये की रकम ट्रांसफर हुई थी। अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

​एक अन्य मामले में विष्णु कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी महिला ने शिकायत दी कि 15 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर स्टेच्यू बनाने की रील देखकर उसने दिए गए लिंक पर क्लिक किया। व्हाट्सएप चैट के जरिए ठगों ने उसे झांसे में लेकर 32,680 रुपये ठग लिए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवम को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि शिवम ने पहले गिरफ्तार आरोपी रमन का बैंक खाता साइबर ठगों तक पहुंचाया था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और रिमांड पर लेकर अन्य खुलासे किए जाएंगे।