October 27, 2026

फरीदाबाद पुलिस के वीकेंड अभियान में 3 दिन में 131 गिरफ्तार, 26 गुमशुदा लोग परिजनों से मिले

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अपराधियों पर कार्रवाई के लिए 24 से 26 अक्टूबर तक 11वां विशेष वीकेंड अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में 131 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, 24 उद्घोषित अपराधियों और जमानत पर फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने 26 गुमशुदा लोगों को तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अभियान में जिले के विभिन्न थानों, अपराध शाखाओं और विशेष टीमों ने मिलकर कार्रवाई की। इस दौरान अवैध शराब के मामलों में 50 बोतल देसी शराब, 14 बोतल अंग्रेजी शराब और 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। नशे के खिलाफ कार्रवाई में 380 ग्राम गांजा मिला। वहीं, जुआ खेलने और खिलाने वालों से 8,600 रुपये बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, जुलाई 2026 से अब तक 11 वीकेंड अभियान चलाए जा चुके हैं। इनमें 2,100 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया और 1,006 उद्घोषित अपराधियों व जमानत पर फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हुई।

इन अभियानों में 68 देसी कट्टे, 2 पिस्टल, 32 कारतूस और 4 मैगजीन भी बरामद की गईं। इसके अलावा 3,667 बोतल देसी शराब, 797 बोतल अंग्रेजी शराब, करीब 50 किलोग्राम गांजा, 1.588 किलोग्राम अफीम और 8,000 से अधिक प्रतिबंधित टैबलेट व कैप्सूल बरामद किए गए।