Faridabad/Alive News: इंस्टाग्राम पर विज्ञापन के जरिए गिफ्ट भेजने का झांसा देकर 37,944 रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने राजस्थान के सवाई माधोपुर निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान विजेंद्र कुमार मीणा (30) और दीपक कुमार गौतम (28) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने ठगी की रकम मंगवाने के लिए इस्तेमाल किए गए बैंक खाते को आगे दूसरे लोगों तक पहुंचाया था।
इंस्टाग्राम विज्ञापन के जरिए दिया ठगी को अंजाम
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एनआईटी क्षेत्र निवासी एक महिला ने शिकायत में बताया कि 6 सितंबर को उसने इंस्टाग्राम पर गिफ्ट से संबंधित एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद व्हाट्सऐप पर बातचीत शुरू हो गई। इसके बाद कथित ठगों ने गिफ्ट भेजने के नाम पर महिला से 37,944 रुपये ठग लिए। न तो महिला को गिफ्ट मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
बैंक खाते के जरिए पहुंचाई गई ठगी की रकम
जांच के दौरान पुलिस ने विजेंद्र कुमार मीणा और दीपक कुमार गौतम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि महिला के बैंक खाते को दीपक ने विजेंद्र को उपलब्ध कराया था। इसके बाद विजेंद्र ने यह खाता आगे कथित ठगों को दे दिया था। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी आपस में दोस्त हैं। दीपक ने पॉलिटेक्निक डिप्लोमा किया है, जबकि विजेंद्र स्नातक है।
इस मामले में संबंधित महिला खाताधारक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

