October 24, 2026

फोन हैक कर 20 हजार रुपये की ठगी, खाताधारक समेत दो गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साइबर थाना एनआईटी की टीम ने फोन हैक कर 20 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गुरुग्राम के फाजिलपुर निवासी शेखर (22) और सेक्टर-72 निवासी जतिन (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ठगी की रकम जतिन के बैंक खाते में आई थी, जबकि शेखर ने उसका खाता आगे किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध कराया था।

व्हाट्सऐप पर आए लिंक से हैक हुआ फोन

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एनआईटी क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी थी कि 14 अक्टूबर को उसके व्हाट्सऐप पर एक लिंक आया था। लिंक पर क्लिक करते ही उसका फोन हैक हो गया और बैंक खाते से 20 हजार रुपये कट गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

ठगी की रकम जतिन के खाते में आई

जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि जतिन के बैंक खाते में ठगी के 20 हजार रुपये आए थे। शेखर ने यह खाता आगे किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध कराया था। पुलिस के अनुसार, जतिन 12वीं पास है, जबकि शेखर ने बीसीए की पढ़ाई की है। दोनों टैक्सी चलाने का काम करते हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।