Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ की मार्केट में स्कूटी का पहिया पैर पर चढ़ने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने 11वीं कक्षा के छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गांव पन्हेड़ा निवासी फरहान (18) गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गए। परिजनों ने मामले की शिकायत शहर थाना पुलिस को दी है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पैर पर स्कूटी चढ़ने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2 बजे फरहान अपने दोस्त के साथ बाइक लेने के लिए पैदल मार्केट जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी पर सवार होकर दो युवक वहां से गुजरे। आरोप है कि स्कूटी का पहिया फरहान के पैर पर चढ़ गया। इस पर फरहान ने दोनों युवकों को टोका। इसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों युवकों ने फरहान पर हमला कर दिया।
स्कूटी की सीट से चाकू निकालकर किया हमला
फरहान के चाचा मुस्ताक के अनुसार, कहासुनी के दौरान दोनों युवकों ने स्कूटी की सीट से चाकू निकाला। इसके बाद उन्होंने फरहान को पकड़कर उसके कूल्हे के पास चाकू मार दिया। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात के बाद दोनों आरोपी स्कूटी लेकर फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया।
बीके अस्पताल से निजी अस्पताल रेफर
परिजन फरहान को पहले बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उसे बीके नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया। बीके अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छात्र को आगे के इलाज के लिए निजी अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल उसका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
परिजनों ने घटना की शिकायत शहर थाना पुलिस को दी है। शहर थाना प्रभारी उमेश कुमार के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस स्कूटी सवार दोनों युवकों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।

