Faridabad/Alive News: चश्मे के नंबर से छुटकारा पाने और मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए फरीदाबाद के मरीजों को अब नई लेजर तकनीक का विकल्प मिलेगा। सेक्टर में स्थित सेंटर फॉर साइट ने स्विट्जरलैंड में विकसित फेम्टो एलडीवी जेड-8 तकनीक शुरू की है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इससे लेजर की मदद से मोतियाबिंद सर्जरी और बिना फ्लैप बनाए चश्मे का नंबर कम करने की प्रक्रिया की जा सकेगी।
विशेषज्ञों के मुताबिक, इस तकनीक से मोतियाबिंद ऑपरेशन के दौरान आंख में सटीक चीरा लगाने और धुंधले लेंस को छोटे हिस्सों में बांटने जैसे काम किए जा सकते हैं। वहीं, क्लियर प्रक्रिया में कॉर्निया के भीतर से ऊतक निकालकर नजर सुधारने में मदद मिलती है। इसमें अलग से फ्लैप बनाने की जरूरत नहीं होती।
सेंटर फॉर साइट के चेयरमैन एवं मेडिकल डायरेक्टर प्रो. डॉ. महिपाल एस. सचदेव ने कहा कि आधुनिक नेत्र उपचार की सुविधा मरीजों के नजदीक पहुंचाना जरूरी है। विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि लेजर प्रक्रिया हर मरीज के लिए उपयुक्त नहीं होती। उपचार का चुनाव आंखों की जांच और मरीज की स्थिति के आधार पर किया जाएगा।

