New Delhi/Alive News: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 16 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। बुधवार को जारी वीडियो संदेश में उन्होंने लोगों से शाम 5 बजे तिरंगा लेकर कनॉट प्लेस पहुंचने की अपील की। दीपके ने कहा कि सरकार उन्हें जेल में डाल सकती है, लेकिन उन्हें इसकी परवाह नहीं है।
दीपके बुधवार दोपहर दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर नारेबाजी की। इस दौरान एक यात्री ने उनसे कहा, “क्यों देश को खराब कर रहा भाई।” दीपके ने जवाब में केवल अंगूठे से इशारा किया और बिना कुछ कहे वहां से चले गए।
इस बीच, CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका और सौरव दास को दिल्ली की स्पेशल कोर्ट ने 5 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया है। दोनों को मंगलवार सुबह जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था।
राहुल गांधी बोले- तिरंगा फहराना अपराध नहीं
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान तिरंगा लहराने को अपराध मानने का विरोध किया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए युवाओं को जेल भेजना कायरता है। राहुल ने कहा कि छात्र, युवा और पत्रकार अलग-अलग बैनर के तहत प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनका मकसद एक है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर देश के लोगों का है और वे इसे वापस लेंगे।
अभिजीत दीपके ने सरकार पर साधा निशाना
CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर सरकार देश में इमरजेंसी लगाना चाहती है, तो उसे आधिकारिक रूप से इसकी घोषणा करनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि देश में अघोषित इमरजेंसी क्यों लगाई जा रही है।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी उठाए सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने SIR के मुद्दे पर कथित तौर पर 13.3 करोड़ भारतीयों को घुसपैठिया घोषित किए जाने को भारतीयता का अपमान बताया। खड़गे ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के अधिकार को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले वोट चोरी और अब विरोध करने के अधिकार को छीनना लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है।

