October 14, 2026

महिला थाना बल्लभगढ़ में SPC कार्यक्रम, 150 से अधिक विद्यार्थियों को किया जागरूक

महिला थाना बल्लभगढ़ में स्टूडेंट पुलिस कैडेट कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को जागरूक करते पुलिस अधिकारी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की ओर से विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के लिए महिला थाना बल्लभगढ़ और सामुदायिक पुलिसिंग सेल द्वारा स्टूडेंट पुलिस कैडेट (SPC) कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 150 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों को नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, डायल-112, दुर्गा शक्ति ऐप, पॉक्सो एक्ट और आत्मरक्षा से संबंधित जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक पुलिसिंग सेल की इंचार्ज निरीक्षक सुनीता ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और महिला सुरक्षा व बच्चों के कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की मदद कैसे ली जा सकती है।

कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर हेड कांस्टेबल सुनील ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि अपना ओटीपी और पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करना चाहिए। इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय भी सावधानी बरतनी जरूरी है।

कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को महिला थाना बल्लभगढ़ का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली और शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए।

पुलिस ने विद्यार्थियों को कानून का सम्मान करने, अनुशासन बनाए रखने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पुलिस के कामकाज को समझने का अवसर देना था।