Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में इंटर-स्कूल सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 2026-27 के दूसरे चरण का आयोजन डीएवी पब्लिक स्कूल, सेक्टर-30 स्थित पुलिस लाइन में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों के करीब 2,300 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
पुलिस महानिदेशक हरियाणा और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (हाईवे), करनाल के आदेशानुसार आयोजित इस प्रतियोगिता का संचालन पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सत्येंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और डीसीपी ट्रैफिक उत्तम आईपीएस के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में रोड सेफ्टी सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर राजेश और जिला शिक्षा कार्यालय के नोडल अधिकारी सतीश चौधरी की अहम भूमिका रही।
इंटर-स्कूल सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता चार स्तरों में आयोजित की जाती है। लेवल-1 में कक्षा 3 से 5, लेवल-2 में कक्षा 6 से 8, लेवल-3 में कक्षा 9 से 12 और लेवल-4 में कॉलेज तथा उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी भाग लेते हैं।
प्रतियोगिता के दूसरे चरण में पहले चरण में सफल हुए विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विद्यार्थियों से यातायात नियमों, सड़क संकेतों, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, पैदल यात्रियों की सुरक्षा, तेज रफ्तार से वाहन चलाने के खतरों और वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों से जुड़े सवाल पूछे गए।
दूसरे चरण के बाद चयनित विद्यार्थियों को आगामी क्विज प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस प्रतियोगिता में सफल होने वाले विद्यार्थी राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में फरीदाबाद जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

